देहरादून
आज दिनांक – 31/03/2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा पुलिस कार्यालय में जनपद के सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिकों/संचालकों के साथ गोष्ठी की गयी। गोष्ठी के दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा सभी प्रतिष्ठान मालिकों/संचालकों को उनके प्रतिष्ठानों में अनियमितता मिलने पर सख्त कार्यवाही की हिदायत देते हुए निम्न निर्देश दिये गये।
1- सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिक/संचालक यह सुनिश्चित कर ले कि किसी भी पब/बार/रेस्टोरेंट को निर्धारित समयावधि के उपरान्त संचालित न किया जाये। निर्धारित समयावधि के बाद संचालित होने वाले पब/बार/रेस्टोरेंट के संचालक के विरूद्ध सीधे अभियोग पंजीकृत करते हुए कडी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी, साथ ही सम्बन्धित प्रतिष्ठान के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी भेजी जायेगी।
2- सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिक/संचालक अपने प्रतिष्ठानों में कार्य करने वाले सभी कर्मचारियों का शत प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करते हुए उक्त सभी कर्मियों की सूची पूर्ण विवरण के साथ पुलिस को उपलब्ध करायेंगे, साथ ही इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़ा कोई भी व्यक्ति उनके प्रतिष्ठान से न जुड़ा हो, इसमें कोताही बरतने वाले प्रतिष्ठान संचालकों के विरूद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की जायेगी।
3- सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिक/संचालक अपने प्रतिष्ठानों में हुए किसी भी विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, यदि किसी प्रतिष्ठान में हुए किसी विवाद, जिसकी सूचना सम्बन्धित संचालक द्वारा पुलिस को न दी गई हो, के चलते कोई आपराधिक घटना घटित होती है तो सम्बन्धित प्रतिष्ठान संचालक के विरूद्ध भी सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
4- सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिक/संचालक अपने प्रतिष्ठान के एन्ट्री तथा एक्जिट प्वांइट पर लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस पुलिस को भी उपलब्ध करायें, जिससे निर्धारित समयावधि के बाद संचालित होने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्यवाही की जा सके।
5- अक्सर पीजी/हॉस्टल में रहने वाले छात्र देर रात्रि तक पब तथा बारों में बैठे रहते हैं, जिसके पश्चात उनके द्वारा नशे की हालत में वाहनों को चलाया जाता है, जिससे दुर्घटना होने की सम्भावना बनी रहती है। अत: सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिक/संचालक निर्धारित समयावधि के बाद किसी भी दशा में अपने प्रतिष्ठानों का संचालन न करें, नियमों का उल्लघंन करता पाये जाने पर सम्बन्धित प्रतिष्ठान के विरूद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
देहरादून में संचालित होने वाले पब/बार/रेस्टोरेंट की संख्या के सापेक्ष पुलिस की उपलब्धता कम होने के दृष्टिगत एसएसपी देहरादून द्वारा सभी पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिक/संचालकों सें अपेक्षा की गई कि वह अपने प्रतिष्ठानों में नियमों का सख्ती से पालन करना सुनिश्चित करेंगे तथा देहरादून के माहौल में सकारात्मक सुधार लाने में पुलिस को अपना सहयोग प्रदान करेंगे।
The post एसएसपी ने पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिकों/संचालकों के साथ की गोष्ठी, निर्धारित समयावधि के बाद खुला मिला पब, बार या रेस्टोरेंट, तो सीधे दर्ज होगा मुकदमा– एसएसपी first appeared on MJ.
The post एसएसपी ने पब/बार/रेस्टोरेंट के मालिकों/संचालकों के साथ की गोष्ठी, निर्धारित समयावधि के बाद खुला मिला पब, बार या रेस्टोरेंट, तो सीधे दर्ज होगा मुकदमा– एसएसपी appeared first on MJ.

More Stories
जब संकट आया, धामी सबसे आगे खड़े मिले, नंदा की चौकी में 12 घंटे में लौटी रफ्तार, तेज फैसलों और जवाबदेह शासन ने जीता लोगों का भरोसा
मुख्यमंत्री ने 11 स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों को किया फ्लैग ऑफ
एनडीएमए-एनडीआरएफ टीम ने किया उत्तराखण्ड का दौरा, उत्तराखण्ड के आपदा प्रबंधन मॉडल को सराहा उत्तराखण्ड का आपदा प्रबंधन मॉडल अनुकरणीय-कर्नल शाही