June 19, 2026

news16uttarakhand

news16uttarakhand

विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के 12 वर्ष: भाजपा मसूरी विधानसभा द्वारा प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन

देहरादून

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मसूरी विधानसभा द्वारा गुरुवार को देहरादून के एक निजी होटल में प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया।

सम्मेलन में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजन, शिक्षाविद, चिकित्सक, अधिवक्ता, उद्योगपति, पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के दौरान सुशासन, विकास, आत्मनिर्भर भारत, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवाओं के सशक्तीकरण तथा भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा में हुई अभूतपूर्व प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे देश में सुशासन और विकास का नया अध्याय लिखा गया है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि वर्ष 2013-14 में कृषि बजट लगभग ₹27 हजार करोड़ था, जिसे बढ़ाकर वर्ष 2026-27 में लगभग ₹1.40 लाख करोड़ कर दिया गया है। यह लगभग पांच गुना वृद्धि है, जिससे किसानों के कल्याण, कृषि अवसंरचना, सिंचाई, फसल बीमा और आधुनिक खेती को नई गति मिली है। राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरकार ने रक्षा बजट को वर्ष 2013-14 के लगभग ₹2.53 लाख करोड़ से बढ़ाकर वर्ष 2026-27 में लगभग ₹7.85 लाख करोड़ कर दिया है। इससे भारतीय सेनाओं के आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा उत्पादन और आत्मनिर्भर भारत अभियान को महत्वपूर्ण बल मिला है।

प्रबुद्ध सम्मेलन में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं रहने दिया, बल्कि इन्हें जनभागीदारी से जुड़े राष्ट्रीय एवं वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से देशभर में स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरण हुआ है, जिससे लोगों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन आया है। स्वच्छ वातावरण का सीधा संबंध बेहतर स्वास्थ्य से है और इस अभियान ने देश को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रबुद्ध सम्मेलन में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. बख्शी (सेवानिवृत्त) ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, सामरिक क्षमता और वैश्विक प्रतिष्ठा में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सुरक्षा के प्रति स्पष्ट और दृढ़ नीति अपनाई है। भारतीय सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा उत्पादन को बढ़ावा तथा सीमाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। आज भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ले0 जनरल एके बक्शी, ले0 जनरल अश्वनी कुमार, एम्स ऋषिकेश की निदेशक डॉ0 मीनू सिंह, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल, मेजर जनरल डी0 अन्गिहोत्री, पद्मश्री डॉ0 बी0के0एस0 संजय, मीरा सकलानी, डॉ0 देवेन्द्र भसीन, डॉ0 ओ0पी0 कुलश्रेष्ठ, आर0एस0 परिहार, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, दायित्वधारी कर्नल आर0एस0 भण्डारी, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, बीजेपी प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, कर्नल पवन वाहि, कर्नल आर0एस0 क्षेत्री, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, राजीव गुरूग, रजत अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, पार्षदगण सहित मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों प्रबुद्धगण उपस्थित रहे।

The post विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के 12 वर्ष: भाजपा मसूरी विधानसभा द्वारा प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन first appeared on MJ.

The post विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के 12 वर्ष: भाजपा मसूरी विधानसभा द्वारा प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन appeared first on MJ.

About The Author

You may have missed