देहरादून से आई ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने दूबास और टकाभरी गांव में छापा मारकर 28 लोगों के घरों में बिजली चोरी पकड़ी। इसमें अधिकतर लोग मीटर से पहले कट लगाकर बिजली चोरी करते पाए गए।
कुछ लोगों ने कटिया डाली हुई थी। टीम को देखते ही लोगों ने घरों की छत पर पड़ी कटिया को उतार फेंका। टीम ने सभी बिजली चोरों के खिलाफ संबंधित थानों में तहरीर दी है।
ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम को धनौरी क्षेत्र के कुछ गांवों में लगातार बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थी। शिकायतों के आधार पर बृहस्पतिवार को देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने टकाभरी और दादूबास में छापा मारा।
इस दौरान टीम की गाड़ियों को देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। टीम की कार्रवाई से पहले ही बहुत से लोगों ने घरों की छत पर पड़ी कटिया को उतार फेंका। इस दौरान टीम ने लोगों के घरों पर छापा मारना शुरू किया।
कुछ लोगों ने टीम की कार्रवाई का विरोध भी किया लेकिन अधिकारियों की सख्ती के सामने उनकी एक न चली। इस दौरान टीम ने दादूबास में 11 और टकाभरी में 17 लोगों के घरों में बिजली चोरी पकड़ी।
इनमें अधिकतर लोग ऐसे थे, जिनके पास पहले से बिजली कनेक्शन था, लेकिन इन्होंने मीटर से पहले कट लगाया हुआ था। वहीं कट को छिपाने के लिए किसी ने मीटर के पास पुराल का ढेर लगाया हुआ था तो किसी ने चादर फैलाई हुई थी।
वहीं कुछ लोगों ने छत से एलटी लाइन पर कटिया डाली हुई थी। विजिलेंस निरीक्षक मारूत शाह ने बताया कि सभी 28 लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। टीम में सहायक अभियंता हनुमान सिंह रावत, धनंजय कुमार, विकास कुमार, एसडीओ अश्वनी सिंह, जेई योगेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।

More Stories
उत्तराखंड के प्रसिद्ध राष्ट्रीय निशानेबाज और शूटिंग कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में दिल्ली के मैक्स अस्पताल में निधन, खेल जगत में शोक की लहर
राजीव महर्षि ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से की शिष्टाचार भेंट
अनिष्ट होने का भय दिखाकर पूजा पाठ के नाम पर आभूषण ठगने वाला ठग बाबा आया दून पुलिस की गिरफ्त में, ठगा गया लगभग 15 तोला सोना व 5 लाख की नकदी हुई बरामद